नजीबाबाद। शारदीय नवरात्र की चतुर्दशी के पावन अवसर पर प्रजापति युवा संगठन की ओर से मोहल्ला मकबरा स्थित प्रजापति धर्मशाला में ‘माता की चौकी’ का भव्य व आलौकिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता रानी का दिव्य एवं मनमोहक दरबार सजाया गया, जबकि आकर्षक विद्युत सज्जा ने पूरे परिसर को रोशनी से सराबोर कर दिया।
धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ विद्वान पंडित भोला शंकर शास्त्री द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराकर हुआ।
इसके पश्चात कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारीं किन्नर समाज की सुनीता, अज्जू गुर्जर, माही राजपूत और संगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मां भगवती की पावन अखंड ज्योत प्रज्वलित की।
चौकी में आमंत्रित भजन गायकों ने विभिन्न वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर देवी-देवताओं के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति रस में डूबे कलाकारों के सुरीले भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे और पूरा पांडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से किन्नर समाज की सुनीता, अज्जू गुर्जर, माही राजपूत, ऑर्गेनाइजर कपिल कुमार व कलाकारों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं मां भगवती की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने मां के पावन दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया, जिसके बाद सभी को प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पंडित हर्षवर्धन बूटी जी की भी उपस्थिति रही। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सौरभ कुमार, देवेंद्र प्रजापति, तरुण प्रजापति, सागर कुमार, शानू, प्रदीप कुमार, विपिन कश्यप, ऋषभ, अंकित, आयुष सहित संगठन के कई गणमान्य सदस्य व सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


