सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी

Vijaydoot News
•स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड वाहनों के चालान के निर्देश; ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का कड़ाई से पालन कराने को कहा

सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में सोमवार को कैंप कार्यालय में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व में हुई बैठक के अनुपालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित वाहनों की फिटनेस जांच कराने तथा बिना पंजीकरण और बिना फिटनेस के किसी भी वाहन का संचालन नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना फिटनेस चल रही स्कूली बसों को बंद कराने तथा बिना परमिट संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने एआरटीओ को ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने को कहा।

ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे साइन बोर्ड

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिशासी अभियंताओं को जिले के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड और गति सीमा संबंधी बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संकेतक बोर्डों की नियमित साफ-सफाई कराने पर भी जोर दिया।

हेलमेट और सीट बेल्ट का करें अनिवार्य प्रयोग

जिलाधिकारी ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी रोकने तथा पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। रोडवेज बस चालकों का नियमित नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

15 वर्ष पुराने स्कूली वाहनों के संचालन पर रोक

जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों को विद्यालय परिसर में स्कूली वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 वर्ष से अधिक पुराने स्कूली वाहनों का संचालन नहीं करने तथा 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं द्वारा निजी वाहनों के प्रयोग पर रोक लगाने को कहा।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन से अभिभावकों को जागरूक करने तथा बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने के लिए निर्धारित विद्यालय वाहनों का ही प्रयोग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों के परिवहन में टैक्सी वाहनों के प्रयोग पर भी रोक लगाने को कहा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार, क्षेत्राधिकारी नौगढ़ विश्वजीत सौरयान, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।