•टोल प्लाजा चौकड़ी पर सैकड़ों छात्राओं ने आरती उतारकर किया अभिनंदन, 51 किलो की माला और 11 किलो गुलाब की पंखुड़ियां रहीं आकर्षण का केंद्र।
बस्ती। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के गृह जनपद आगमन पर जिले की सीमा से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में हर्रैया-छावनी क्षेत्र के टोल प्लाजा चौकड़ी पर वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह अपनी अलग शैली के कारण खासा चर्चा में रहा।
स्वागत समारोह में सैकड़ों छात्राएं फूल और आरती की थालियां लेकर कतारबद्ध खड़ी रहीं।
क्षेत्रीय पुरोहितों के साथ अयोध्या धाम से आए आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हरीश द्विवेदी का पारंपरिक ढंग से अभिनंदन किया। शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और सनातनी परंपरा के अनुरूप हुए आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, हर्रैया और छावनी विकासखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक सहित हजारों लोग छह घंटे से अधिक समय तक हरीश द्विवेदी के आगमन की प्रतीक्षा करते रहे। लोगों का कहना था कि राजनीतिक स्वागत कार्यक्रमों में मंच, माइक, माल्यार्पण, बुल्डोजर से पुष्पवर्षा और मनोरंजन कार्यक्रम आम बात हैं, लेकिन लंबी प्रतीक्षा के बावजूद अनुशासित ढंग से सनातनी परंपरा के अनुरूप भक्तिमय वातावरण में हुआ यह स्वागत अपने आप में अलग रहा।
बताया गया कि हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए पूरे जनपद में कुल 151 स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जिम्मेदारी दी गई थी। घघौवा पुल से जिले की सीमा में प्रवेश के बाद विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया और कप्तानगंज सहित विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कई स्थानों पर बुल्डोजर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुरादीपुर चौराहे पर वरुण सिंह के नेतृत्व में हुए स्वागत कार्यक्रम को भी लोगों ने सराहा। यहां का दृश्य दीपावली जैसा नजर आया।
इन सभी आयोजनों के बीच टोल प्लाजा चौकड़ी का कार्यक्रम अपनी सादगी और पारंपरिक स्वरूप के कारण अलग पहचान बनाता नजर आया। स्वागत के लिए सैकड़ों मालाओं के साथ 51 किलो की विशाल माला और करीब 11 किलो गुलाब की पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल पर न भव्य पंडाल था, न बड़ा मंच और न ही बुल्डोजर अथवा मनोरंजन कार्यक्रम। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वतः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते रहे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कॉलेज ऑफ फार्मेसी की सैकड़ों छात्राएं रहीं, जिन्होंने हाथों में फूल और आरती की थालियां लेकर अतिथि का स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हुए इस अभिनंदन ने कार्यक्रम को धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग दे दिया।
समारोह में क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी मौजूद रहे। कॉलेज ऑफ फार्मेसी से जुड़े मोहम्मद शहजाद, गजाधर सिंह और अंगद सिंह सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की। अंगद सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष त्रिपाठी, यूनिक एकेडमी के गिरजेश मिश्र और पैरामाउंट के बी.एन. वर्मा सहित क्षेत्र के कई शिक्षाविद एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।