मिश्रिख नगर में जगह-जगह गंदगी का अंबार, संक्रमण फैलने का खतरा।

Vijaydoot News

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बावजूद दवा छिड़काव नहीं होने से लोगों में नाराजगी

मिश्रिख, सीतापुर। मिश्रिख नगर में जगह-जगह फैली गंदगी और जलभराव के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और मच्छररोधी दवा के छिड़काव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में संक्रामक बीमारियां गंभीर समस्या बन सकती हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पालिका चुनाव के बाद से कई क्षेत्रों में मच्छररोधी दवा का नियमित छिड़काव नहीं कराया गया है। नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया, डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई को लेकर अभियान चला रही है, वहीं मिश्रिख नगर में व्यवस्थाओं की स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर नगर की सफाई व्यवस्था की जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो गंदगी और मच्छरों का प्रकोप स्वास्थ्य संबंधी गंभीर संकट का कारण बन सकता है।