कुदरहा। नगर पंचायत गायघाट अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड नंबर पांच (पिपरा) में सोमवार की रात भारी बारिश के कारण छप्पर गिरने से 51 वर्षीय किसान ललई पुत्र बुद्धू की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई वह गांव के दक्षिण सड़क किनारे खेत में बनी छप्पर की घारी में मवेशियों की देखरेख करते थे और वहीं रात में सोते थे। सोमवार रात लगातार हुई बारिश के दौरान अचानक छप्पर की थूनी छटक गई, जिससे तख्त पर सो रहे ललई मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी भोर करीब 4:30 बजे तब हुई जब उनकी बेटी माया देवी वहां पहुंचीं। पिता को मलबे के नीचे दबा देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद ललई को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, राजस्व लेखपाल दिवाकर मिश्रा ने घटनास्थल का मुआयना कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।
मृतक ललई की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। दो बेटियां मुन्नी देवी और माया देवी गांव में ही एक छोटे से टीन शेड में रहकर अपने पिता के लिए खाना बनाकर पहुंचाती थीं और उनकी देखभाल करती थीं।