रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा के वृंदावन में श्री राधा नील माधव जी महाराज मंदिर, श्री धाम वृंदावन में आयोजित तीन दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

दूसरे दिन आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महाअभिषेक एवं संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात बच्चों के लिए विशेष फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु श्री ठाकुर जी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
इस अवसर पर महाराज श्री प्रणव अवस्थी जी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके द्वारा दिए गए सत्य, धर्म, प्रेम और भक्ति के शाश्वत संदेश को अपने जीवन में उतारने का पावन अवसर है। श्री राधा-कृष्ण की कृपा से प्रत्येक परिवार और प्रत्येक हृदय में सुख, शांति एवं प्रेम का वास हो।”
महाराज श्री प्रणव अवस्थी ने महोत्सव में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए देशवासियों एवं विश्वभर में श्रीकृष्ण के भक्तों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
“श्री कृष्ण जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर मैं भारत के समस्त नागरिकों तथा विश्वभर में भगवान श्रीकृष्ण के सभी भक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ। कान्हा जी की कृपा से सम्पूर्ण विश्व में शांति, प्रेम, समृद्धि और सद्भाव बना रहे।”
महोत्सव का समापन 5 सितंबर 2026 को नंद उत्सव एवं दही हांडी उत्सव के साथ होगा। इस अवसर पर संकीर्तन एवं नृत्य के साथ भव्य महा प्रसाद का भी आयोजन किया जाएगा।
तीन दिवसीय यह महोत्सव भक्ति, कथा, संकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आध्यात्मिक श्रद्धा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जोड़ने का एक पावन प्रयास है।


