•रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, कई वर्गों में गोरक्ष प्रांत का दबदबा।
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन शनिवार सायं बस्ती के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने राष्ट्रभक्ति, खेल भावना एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया था।




प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए 331 भैया-बहन खिलाड़ी, 25 संरक्षक आचार्य बंधु-भगिनी तथा 23 निर्णायक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कबड्डी के अण्डर 11 बालक वर्ग में काशी प्रांत नगरीय की टीम ने गोरक्ष प्रांत नगरीय को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोरक्ष प्रांत नगरीय दूसरे तथा अवध प्रांत नगरीय तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया।
अण्डर 14 बालिका वर्ग में गोरक्ष प्रांत नगरीय ने गोरक्ष प्रांत ग्रामीण को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अण्डर 17 बालिका वर्ग में काशी प्रान्त नगरीय ने अवध प्रान्त नगरीय को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोरक्ष प्रांत तीसरे स्थान पर रहा। अण्डर 19 बालक वर्ग में गोरक्ष प्रांत नगरी ने काशी प्राण नगरी को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अवध प्रांत तीसरे स्थान पर रहा। अण्डर 11 बालिका वर्ग में गोरक्ष प्रान्त नगरीय प्रथम स्थान पर रहा।


