प्रयागराज। एंटी नार्कोटिक टास्क फोर्स की प्रयागराज यूनिट ने लखनऊ में 1 करोड़ रुपए कीमत की हेरोइन पकड़ी है। टास्क फोर्स ने हेरोइन की खेप सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबिक दो भाग निकले। तस्कर से बरामद हुई आधा किलो हेरोइन प्रयागराज, लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कानपुर में सप्लाई की जानी थी। बाराबंकी का गैंग हेरोइन की तस्करी कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएनटीएफ की प्रयागराज/कानपुर/झांसी यूनिट के डीएसपी मनोज कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाराबंकी का गिरोह यूपी के कई जिलों में हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। एक बड़ी खेप लखनऊ पहुंचने वाली है। सूचना के बाद टीम ने लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में घेराबंदी की। कुछ देर बाद तीन तस्कर दो बाइक से वहां पहुंचे। टीम ने एक तस्कर को हेरोइन के साथ दबोच लिया। इसी दौरान दूसरी बाइक सवार दो तस्कर मौके से भाग निकले।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सारुफ पुत्र नियाजु के रूप में हुई है। वह करा उसमा, थाना जैदपुर बाराबंकी का रहने वाला है। उसके पास से आधा किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। मौके से उसके साथी मो. सद्दाम और अंसार फरार हो गए। दोनों भी जैदपुर बाराबंकी के रहने वाले बताए गए हैं।
फरार मो. सद्दाम और अंसार की तलाश में एएनटीएफ की टीमें छापेमारी कर रही हैं। कार्रवाई में प्रयागराज यूनिट प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्र प्रधान, सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश राय और कांस्टेबल नीरज पांडे शामिल रहे।


