•आगरा-अलीगढ़ मंडल में जल्द गठित होंगी संगठन की नई जिला इकाइयां : अतुल जिंदल
•पेंशन दान नहीं, पत्रकारों के योगदान का अधिकार : डॉ. प्रसून शुक्ला
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को लखनऊ के दारुलशफा स्थित विधायक निवास-2 के कॉमन हॉल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने संगठन की मजबूती के साथ पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक में 60 वर्ष की आयु के बाद पत्रकारों को पेंशन, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, स्वास्थ्य बीमा की सुविधा, राज्य संपत्ति विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों को समान दर पर सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिलों में स्थायी समिति के गठन सहित पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
मंडल में जल्द गठित होंगी नई जिला इकाइयां
उपज मथुरा के जिलाध्यक्ष एवं आगरा-अलीगढ़ मंडल प्रभारी अतुल कुमार जिंदल ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संगठन का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगरा-अलीगढ़ मंडल में उपज की नई जिला इकाइयों का गठन जल्द किया जाएगा। इससे मंडल के पत्रकारों को एक संगठित मंच मिलेगा और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
पत्रकारिता लोकतंत्र को दिशा देने का माध्यम : ओंकार सिंह
मुख्य अतिथि जनता दल (सेकुलर) के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मीडिया समाज, प्रशासन और राजनीतिक व्यवस्था को सही दिशा दिखाने के साथ-साथ गलतियों पर चेतावनी और आलोचना करने का दायित्व भी निभाता है।
मुख्य वक्ता एपीएन न्यूज के प्रधान संपादक डॉ. प्रसून शुक्ला ने कहा कि पत्रकारों के लिए पेंशन कोई दान नहीं, बल्कि उनके योगदान और सम्मान से जुड़ा अधिकार है। उन्होंने पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी ने पत्रकारों की लंबित मांगों पर सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की। वहीं, एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने पत्रकारों से जिम्मेदारी के साथ सत्य को सामने लाने का आह्वान किया।
एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मलिक ने प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठाई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. फल कुमार पंवार ने पत्रकारों की मांगों को लेकर संघर्ष को और तेज करने पर जोर दिया।
मथुरा के पदाधिकारी हुए सम्मानित
बैठक में उपज के संस्थापक महामंत्री स्वर्गीय राधेश्याम लाल कर्ण के पत्रकारिता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया। उनकी स्मृति में वाराणसी, भदोही, रायबरेली और अंबेडकर नगर की जिला इकाइयों को पर्यावरण सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपज मथुरा के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार जिंदल, जिला कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल तथा वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंघल सहित अन्य पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने किया।


