•करीब 15 माह से चल रहा था फरार, विशेषरगंज तिराहे से पुलिस ने दबोचा; पूछताछ में लकड़ी के पटरे से वार करने की बात कही
बस्ती। दुबौलिया थाना पुलिस ने पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में करीब 15 माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार सुबह विशेषरगंज बाजार में साड़पुर की ओर जाने वाले तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार चौहान उर्फ पाड़े (45) पुत्र स्वर्गीय सहिबु चौहान, निवासी ग्राम सुबरहा, थाना दुबौलिया, बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 9:45 बजे हिरासत में लिया।
पत्नी की हत्या के बाद हो गया था फरार
पुलिस के मुताबिक, 14 जून 2025 की रात राजकुमार की अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने लकड़ी के पटरे से पत्नी पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतका की 18 वर्षीय पुत्री सोनाली द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर 20 जून 2025 को थाना दुबौलिया में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार मुकदमा अपराध संख्या 123/2025 में धारा 105 बीएनएस के तहत राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
घर की कुर्की की कार्रवाई भी हुई थी
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से धारा 84 बीएनएसएस के तहत आदेशिका प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद भी आरोपी के गिरफ्तार न होने पर 6 जून 2026 को न्यायालय से धारा 85 बीएनएसएस की आदेशिका प्राप्त कर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की गई थी। 11 जून 2026 को आरोपी के विरुद्ध मफरूरी में चालान/आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था।
पहचान छिपाने के लिए बढ़ा रखी थी दाढ़ी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि पत्नी से विवाद के दौरान उसने लकड़ी के पटरे से प्रहार किया था। पत्नी की मौत के बाद वह डर के कारण फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी बढ़ाकर इधर-उधर छिपकर रह रहा था।
आरोपी के खिलाफ दुबौलिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 123/2025, धारा 105 बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 88/2026, धारा 209 बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अजय कुमार पांडेय तथा कांस्टेबल संजीव यादव, अभिषेक यादव, हरेन्द्र यादव और चन्द्रपाल सिंह शामिल रहे।


