बस्ती। कोषागार कर्मचारी संघ के मंत्री आलोक श्रीवास्तव के भाई आनंद श्रीवास्तव के एक सितंबर से लापता होने के मामले में कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की आकस्मिक बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संघ भवन में परिषद अध्यक्ष मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आनंद श्रीवास्तव की गुमशुदगी और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई।
परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल एवं मंत्री तौलू प्रसाद ने बताया कि परिजनों ने दो सितंबर को थाना कोतवाली में आनंद श्रीवास्तव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इससे परिजनों में चिंता और किसी अनहोनी की आशंका बढ़ती जा रही है।
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने आनंद श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस से प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
कोषागार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश पाठक ने कहा कि आनंद श्रीवास्तव के रहस्यमय ढंग से लापता होने से कर्मचारी और उनका परिवार परेशान हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में सक्रियता बढ़ाकर जल्द से जल्द उनकी सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 15 सितंबर तक आनंद श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी नहीं होती है तो 16 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद के कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को आगे भी विस्तार दिया जाएगा।
बैठक में कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष अशोक मिश्र, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ अध्यक्ष इं. अभिषेक सिंह, दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष अशोक सिंह, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष अजय आर्य, आईटीआई कर्मचारी संघ अध्यक्ष हरिशंकर, सिंचाई संघ अध्यक्ष सुभाष मिश्र, व्यापारकर मिनिस्ट्रीयल अध्यक्ष सरोज मिश्र, कृषि मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ अध्यक्ष सचिन पांडेय, कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ मंत्री आशीष कुमार, अधीनस्थ कृषि सेवा संघ अध्यक्ष अभिषेक, कुष्ठ कर्मचारी संघ अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, गन्ना पर्यवेक्षक संघ अध्यक्ष सोम सुंदरम, पेंशनर्स कल्याण संस्था अध्यक्ष जलालुद्दीन कुरैशी सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


