बस्ती। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर ग्रामीण विकास सेवा समिति एवं उत्तर प्रदेश फोर्सेस के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड बहादुरपुर के ग्राम सैफाबाद तथा विकासखंड सल्टौआ गोपालपुर के ग्राम चौकवा में पोषण जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीणों को संतुलित एवं विविध आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों और पैकेज्ड एवं अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के बीच अंतर पर चर्चा की गई।
प्रतिभागियों को बच्चों के दैनिक आहार में भुना चना, मूंगफली, सत्तू, दलिया, मौसमी फल सहित अन्य स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पैकेट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने तथा खरीदारी के समय खाद्य पदार्थों के लेबल, चीनी, नमक एवं अन्य सामग्री की जानकारी जांचने के लिए जागरूक किया गया।
ग्रामीण विकास सेवा समिति के सचिव अम्बुज कुमार यादव ने कहा कि सरकार कुपोषण को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को शत-प्रतिशत सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
लिंक वर्कर स्कीम परियोजना की क्लस्टर लिंक वर्कर सोनी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित विकास के लिए स्थानीय, सस्ता और पौष्टिक भोजन दैनिक आहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। परिवार एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही सुपोषित समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने परिवार में स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने तथा बच्चों को पैकेज्ड जंक फूड के स्थान पर स्थानीय एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण विकास सेवा समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


