रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज की मिठास को देश-विदेश तक पहचान दिलाने वाले मिष्ठान व्यवसायियों की समस्याओं को लेकर मिठाई विक्रेता एसोसिएशन मथुरा की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक बुधवार को मुकुंद रिजॉर्ट में बड़े ही सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मुकेश गुप्ता (रमन मिठाई वाले) ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मिठाई व्यापारियों को विभागीय प्रक्रियाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराना था। बैठक में जनपद के कोने-कोने से सैकड़ों व्यापारी पहुंचे और खुलकर अपनी बात रखी।





जिलाध्यक्ष बोले – ब्रज की पहचान है मिष्ठान व्यवसाय
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने कहा कि मथुरा का पेड़ा, खुर्चन और अन्य मिष्ठान केवल व्यापार नहीं, बल्कि ब्रज की संस्कृति और पहचान हैं। उन्होंने कहा कि लाइसेंस नवीनीकरण, खाद्य सुरक्षा मानकों, बाट-माप सत्यापन और श्रम विभाग के पंजीकरण जैसी प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। संगठन का लक्ष्य प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापार को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना है।
अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी, शंकाओं का हुआ समाधान
बैठक में जिला उद्योग केंद्र, मथुरा से आए श्री चंद्रभान सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ‘एक जिला-एक व्यंजन’ (ODOP) योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे इस योजना के तहत मथुरा के पेड़ा उद्योग को सब्सिडी, पैकेजिंग, मार्केटिंग और ट्रेनिंग में सरकार मदद दे रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से श्री जतिन यादव और श्री अक्षय राणा ने FSSAI लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और साफ-सफाई के मानकों को सरल भाषा में समझाया।
बाट-माप विभाग से श्री पवन यादव ने कांटा-बाट के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया और जुर्माने से बचने के उपाय बताए।
वहीं श्रम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर श्री राज गौतम ने दुकानों व कारखानों के पंजीकरण, श्रमिकों के ESI-PF और न्यूनतम वेतन से संबंधित नियमों पर व्यापारियों की भ्रांतियां दूर कीं। अधिकारियों के इस सीधे संवाद से व्यापारियों ने बड़ी राहत महसूस की।
अंत में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजकुमार भगत और चीफ एडवाइजर श्री मनीष अग्रवाल रावी ने संगठन को मजबूत करने और एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन और आभार मीडिया प्रभारी कालीचरन बिंदल ने व्यक्त किया।
बैठक में ये रहे मौजूद:
राजकुमार भगत – अध्यक्ष, चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, मनीष अग्रवाल रावी – चीफ एडवाइजर, मुकेश गुप्ता – जिलाध्यक्ष, मिठाई विक्रेता एसोसिएशन मथुरा (रमन मिठाई वाले), योगेश यादव, योगेश कुमार डावरा, नवल कुमार, श्याम गुप्ता, प्रकाश अग्रवाल, ओमप्रकाश उर्फ बंटी बिंदल, कालीचरन बिंदल – मीडिया प्रभारी, चंद्रभान सिंह – जिला उद्योग केंद्र, मथुरा, जतिन यादव – खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, अक्षय राणा – खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, पवन यादव – बाट-माप विभाग, राज गौतम – असिस्टेंट कमिश्नर, श्रम विभाग, गगन अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, मुकेश कृष्ण, अनिल अग्रवाल, प्रवीण कुमार, दीपक अग्रवाल।


