रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव (मथुरा)। ब्रज के राजा भगवान दाऊजी महाराज का जन्मोत्सव बलदेव छठ इस वर्ष 17 सितंबर को बलदेव में श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन से जन्माष्टमी पर्व की तर्ज पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यापक व्यवस्थाएं करने की मांग युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा ने जिला प्रशासन से की है।
बलदेव छठ के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे और दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सुगम यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने की मांग की गई है। स्थानीय युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा का कहना है कि जिस तरह जन्माष्टमी पर मथुरा में व्यवस्थाएं की जाती हैं, उसी तरह बलदेव छठ पर भी प्रशासन को पहले से तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।बलदेव छठ ब्रज की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है और इस दिन बलदेव नगरी में विशेष उत्सव का माहौल रहता है।


