•अंगौछे से गला घोंटने का आरोप, कमरे में शव बंद कर भागा था आरोपी; दो अंगौछे बरामद
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव में पत्नी रेखा की हत्या के मामले में पुलिस ने चार दिन बाद उसके पति प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पत्नी की हत्या कर शव कमरे में बंद करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो अंगौछे भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बेला थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर मंगलवार रात तिर्वा रोड स्थित भदौरा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक चार सितंबर को रेखा की घर में हत्या की गई थी। घटना के बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर अपने ससुर को चाबी सौंपकर फरार हो गया था। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे।
जांच में पुलिस को पत्नी के चरित्र पर शक और संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई। रेखा के नाम जमीन और प्लॉट होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 352 और 351(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह,प्रभारी स्वाट टीम प्रभारी समित चौधरी, उप निरीक्षक संदीप सिंह अपनी अपनी टीम के साथ शामिल रहे।


