रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव। विकासखंड बलदेव की ग्राम पंचायत शाहपुर बांगर में शिक्षा और डिजिटल ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल की गई है। ग्राम पंचायत सचिवालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘ज्ञानम् ज्योति’ डिजिटल लाइब्रेरी का भव्य शुभारंभ किया गया। यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों के साथ ही ग्रामीणों के लिए ऑनलाइन शिक्षा, ई-बुक्स और विभिन्न सूचनाओं तक आसान पहुंच का माध्यम बनेगी।
डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन ग्राम प्रधान ओम प्रकाश और प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से जोड़ना है। उन्होंने इसे ग्राम पंचायत के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में इस प्रकार की सुविधाएं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक होंगी।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव विपिन विहारी कटरा, पूर्व सचिव अनु कुमार, अरुण शर्मा, विमलेश, पूनम शर्मा, रुपेन्द्र यादव और योगेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन अरुण कुमार ने किया।


