कुदरहा, बस्ती। विकास क्षेत्र बहादुरपुर के ऐलिया गांव निवासी अंकित ओझा ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की जूनियर असिस्टेंट परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार के साथ ही गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सफलता के बाद रविवार को अंकित ऐलिया गांव स्थित कुलदेवी सिद्धपीठ मरही माता मंदिर पहुंचे और माता के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर के पुजारी दुर्गा प्रसाद ओझा, समाजसेवी प्रमोद पाण्डेय और उनके भाई विशाल ओझा ने माला पहनाकर अंकित का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
बता दें अंकित के पिता कृष्णमणि ओझा बस्ती में अधिवक्ता हैं, जबकि माता गृहणी हैं। उनके बड़े भाई डाक विभाग में कार्यरत हैं। गांव में पले-बढ़े अंकित ने प्राथमिक शिक्षा लिटिल फ्लावर स्कूल बस्ती से प्राप्त की। इसके बाद प्रयागराज से आगे की पढ़ाई पूरी की। नियमित अध्ययन, मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की।
अंकित ओझा ने कहा कि यह उपलब्धि माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को धैर्य के साथ नियमित अध्ययन करना चाहिए। असफलता से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर नए उत्साह के साथ प्रयास जारी रखना चाहिए।
समाजसेवी प्रमोद पाण्डेय ने कहा कि अंकित ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर जूनियर असिस्टेंट परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे गांव का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। कहा कि गांव के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही दिशा, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत की है।


