•निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता से समझौता न करने और लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में गुणवत्ता की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध हो चुकी है, उन्हें निर्धारित समयावधि में हर हाल में पूरा कराया जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति, गुणवत्ता और अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर समय से फीड करने को कहा।
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाले विभागों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को योजनाओं एवं कार्यों में गुणात्मक प्रगति लाकर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि कमियों का समय से निराकरण हो सके और कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
फैमिली आईडी बनाने में तेजी के निर्देश
समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी निर्माण की विकासखंडवार प्रगति भी देखी गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों एवं न्याय पंचायतों में राशन कार्ड से वंचित परिवारों की शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को भी फैमिली आईडी बनाने की प्रगति बढ़ाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों से संबंधित विभागों के फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स की आंकड़ेवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग बेहतर बनी रहे। उन्होंने विलंबित परियोजनाओं में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा कराने को भी कहा।
सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने पर जोर
जिलाधिकारी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की सफलता के लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं, कार्यों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में आईसीडीएस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, युवा कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास विभागों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं में गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


