रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा/गोवर्धन। उच्च प्राथमिक विद्यालय सीह में मारपीट और अभिलेखों में गड़बड़ी के मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापिका लतेश गोतम और सहायक अध्यापिका रेनू शर्मा को निलंबित कर दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार सहायक अध्यापिका रेनू शर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारी गोवर्धन से सहायक अध्यापिका लतेश गोतम के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने शिकायत को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए जांच करवाई, जिसके बाद बच्चों की पढ़ाई में बाधा न हो इसलिए दोनों को निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार 22 जुलाई को विद्यालय कार्यालय में दोनों के बीच विवाद हुआ था। सहायक अध्यापिका रेनू शर्मा ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और बरसाना थाने में भी शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि लतेश गोतम ने मारपीट की, रजिस्टर फाड़ दिया और अभिलेख व टैबलेट जमीन पर फेंक दिए। जांच में कई रजिस्टर फटे मिले और हाजिरी रजिस्टर में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। निलंबन के दौरान लतेश गोतम को यूपीएस भमना और रेनू शर्मा को यूपीएस देवसेरस से संबद्ध किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने नंदगांव खंड शिक्षा अधिकारी से 4 महीने में कंप्लीट जांच रिपोर्ट मांगी है।
इस पर बीएसए रतन कीर्ति ने कहा कि सभी स्कूलों में शिक्षक आपसी प्रेम-प्यार से रहें। शासन-प्रशासन के नियमों को ध्यान में रखते हुए बच्चों को अच्छी शिक्षा दें जिससे अपने स्कूल व शिक्षा विभाग का नाम रोशन हो। यदि कोई शिक्षक या शिक्षिका कोई ऐसी स्थिति बनाते हैं तो कार्यालय समय में गोपनीय भी बता सकते हैं। उद्देश्य यही है कि बच्चों की पढ़ाई सर्वोपरि है, पढ़ाई में बाधा न हो। इस प्रकार के झगड़ों से बच्चों की पढ़ाई में बाधा होती है जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन-प्रशासन के नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और शासन-प्रशासन को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया जाएगा जिससे बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा उत्पन्न न हो।


