सहायक अध्यापक के 12,405 और पीजीटी के 2,607 पदों पर होगी भर्ती, दिसंबर में प्रस्तावित परीक्षाएं।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में कुल 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से सहायक अध्यापक और प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के पदों के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए गए हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक शहरी के 11,508 पद शामिल हैं। इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के 2,607 पदों पर भर्ती की जाएगी।
•आज से सहायक अध्यापक के लिए आवेदन शुरू
सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी के पदों के लिए विज्ञापन संख्या-05/2026 जारी किया गया है। विज्ञापन 15 सितंबर को जारी हुआ है, जबकि ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 होगी। इन पदों के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
पीजीटी के 2,607 पदों पर भी भर्ती
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन संख्या-06/2026 जारी किया गया है।
पीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। पीजीटी पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
•आवेदन से पहले पात्रता जरूर जांचें।
आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही संबंधित पदों के लिए आवेदन करना होगा।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता स्वयं सुनिश्चित करें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापित पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य निर्देशों के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in देखने की सलाह दी गई है।


