डीआईजी संजीव कुमार त्यागी बोले—महिला सशक्तिकरण अभियान नहीं, समाज के सर्वांगीण विकास की नींव।
के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। गंगा देवी एजुकेशनल ग्रुप द्वारा संचालित गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज एवं उदया इंटरनेशनल स्कूल, भुजैनी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मिशन शक्ति (नारी सशक्तिकरण अभियान) एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव कुमार त्यागी मुख्य अतिथि, जबकि पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीना एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्रबंधक उदय राज तिवारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीआईजी संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण कोई अभियान मात्र नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास की नींव है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्रों में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सतर्क करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी बेहद जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर धोखाधड़ी या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं 112 पर संपर्क करने की सलाह दी।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करने तथा निडर होकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। गंगा देवी एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक उदय राज तिवारी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सुरक्षात्मक दृष्टिकोण एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज एवं उदया इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में उदया इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत कुमार सेनापति ने अतिथियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दोनों शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


