•डीएम आलोक कुमार ने खजुरी विद्यालय का किया निरीक्षण, भवन की जांच और मरम्मत धनराशि के खर्च की जांच के दिए निर्देश।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर, 17 सितंबर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सांथा विकासखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खजुरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन की स्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
विद्यालय में पंजीकृत 86 बच्चों के सापेक्ष मात्र 37 बच्चे ही उपस्थित मिले। वहीं तीन पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के सापेक्ष एक शिक्षिका अनुपस्थित पाई गईं। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर पठन-पाठन की गुणवत्ता और शिक्षण कार्य की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय का कोई शिक्षक नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विद्यालय के शौचालय और भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को टीम गठित कर विद्यालय भवन की जांच कराने तथा जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही करीब दो वर्ष पूर्व कस्तूरबा विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि के व्यय की भी जांच कराने को कहा।
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि जुलाई माह में किए गए निरीक्षण से संबंधित कोई टिप्पणी दर्ज नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यालय के बगल में निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


