रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। विकासखंड राया के उच्च प्राथमिक विद्यालय शेरनी (कक्षा 1 से 8) में विद्यार्थियों द्वारा “मेरे सपनों का भारत” विषय पर एक शानदार चित्रकला व रचनात्मक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से देश के भविष्य को लेकर अपने सपनों, विचारों और अनूठी कल्पनाओं को बेहद खूबसूरती से कागज पर अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में कक्षा 7 की छात्रा मुस्कान सिंह व गुंजन तथा कक्षा 6 की छात्रा अंशिका द्वारा मिलकर बनाया गया चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस चित्र में छात्राओं ने आधुनिक विकास, विज्ञान, शिक्षा, समृद्ध पर्यावरण और सशक्त भारत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने भी छात्राओं द्वारा बनाई गई इस मनमोहक कलाकृति को देखकर उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के सहायक अध्यापक विवेक कुमार, शैलेंद्र कुमार, करनपाल सिंह और शिक्षामित्र मधुमाला ने बच्चों के इस रचनात्मक प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में कलात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार होता है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।


