रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। चंदा ग्रीन्स वेलफेयर सोसाइटी, ट्रांसपोर्ट नगर के निवासियों ने भगवान गणेश की विसर्जन यात्रा अनोखे अंदाज में निकाली। नरेंद्र दीक्षित एवं रिंकी दीक्षित के आवास से भगवान गणेश की प्रतिमा को विंटेज कार में विराजमान कराकर ढोल-नगाड़ों के साथ मथुरा महानगर में विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में सोसाइटी के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पिछले कई दिनों से सोसाइटी में प्रतिदिन भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा था। विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आर्मी एरिया स्थित घाट से नाव के माध्यम से भगवान गणेश की प्रतिमा को यमुना के मध्य ले जाकर विधि-विधान से विसर्जित किया गया।
नरेंद्र दीक्षित एवं रिंकी दीक्षित ने बताया कि उनके घर पर पिछले पांच वर्षों से भगवान गणेश की स्थापना की जाती रही है। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के माध्यम से सोसाइटी में धार्मिक सेवा भावना के साथ आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। इस वर्ष भी कई दिनों तक भजन-कीर्तन हुए और विसर्जन यात्रा में सोसाइटी के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समाजसेवी मुन्नीलाल दीक्षित ने कहा कि गणेश उत्सव को लेकर सोसाइटी के लोगों में खासा उत्साह रहा। विसर्जन के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं, जो आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति रजि. उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान बच्चों और महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी।
विसर्जन यात्रा में कृष्णवीर चौधरी, पूर्णिमा चौधरी, अंकित, सलिल सक्सैना, लोकेंद्र चौधरी, सीमा गर्ग, शिवम दीक्षित, कुशाग्र दीक्षित, निवेशका दीक्षित सहित सोसाइटी के अनेक लोग मौजूद रहे।


