रिपोर्ट: विजय नागपाल।
वृन्दावन (मथुरा)। श्री गुरु नानक देव जी के चरण छोह प्राप्त पावन स्थल गुरुद्वारा श्री गुरु नानक टीला, वृन्दावन में साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश गुरुपर्व को समर्पित महान गुरुमत समागम का आयोजन 24 सितंबर को किया जाएगा। समागम में विभिन्न स्थानों से पंथक शख्सियतें एवं धर्म प्रचारक शामिल होंगे।
समागम का आयोजन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री अमृतसर की धर्म प्रचार कमेटी के अधीन यू.पी. सिख मिशन, हापुड़ के प्रबंध में किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता 22 सितंबर को प्रातः 10 बजे हुई, जबकि इसका भोग 24 सितंबर को प्रातः 10 बजे होगा।
मुख्य गुरुमत समागम 24 सितंबर, दिन गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब, नई दिल्ली से सत्कारयोग बाबा वचन सिंह, बाबा सुरेन्द्र सिंह, बाबा रविन्दर सिंह एवं बाबा सतनाम सिंह, गुरुद्वारा गुरु का ताल, आगरा से बाबा प्रीतम सिंह के साथ एसजीपीसी सदस्य, धर्म प्रचार कमेटी के सचिव एवं प्रचारक सहित अनेक पंथक शख्सियतें शामिल होंगी।
आयोजकों के अनुसार समागम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरतेगा। आयोजकों ने संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरुमत समागम में सहभागिता करने की अपील की है।


