•जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता : डीएम
•केके मिश्रा, संवाददाता।
संतकबीरनगर। नवागत जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने बुधवार को पूर्वाह्न कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए और जिलाधिकारी संतकबीरनगर के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल मौजूद रहे।
नवागत जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तथा कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न जनपदों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचने पर अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, उप जिलाधिकारीगण, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ संक्षिप्त परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने अधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की नीतियों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका और आपसी समन्वय आवश्यक है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


