•सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मथुरा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गोविंद नगर थाने में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक में गोविंद नगर और कोतवाली थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ विभिन्न रामलीला एवं रावण दहन कमेटियों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर आशना चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में श्री रामलीला कमेटी, चित्रकूट मसानी, बाल रामलीला कमेटी, कुसुम वाटिका तथा रावण दहन कमेटी, कृष्णा नगर के पदाधिकारियों से त्योहारों की तैयारियों पर चर्चा की गई। शहर में निकलने वाली शोभायात्राओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस, नगर निगम और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया।
नगर मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शोभायात्राओं के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने पर जोर दिया। साथ ही ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों एवं उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप लाउडस्पीकर और डीजे का प्रयोग करने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने सभी कमेटियों के पदाधिकारियों और नागरिकों से आपसी सहयोग बनाए रखने तथा त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।


