रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की परतावल चौकी अंतर्गत वार्ड नंबर-02 बल्लभ नगर के तिवारी टोला में बीते शनिवार को एक युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान रजवंत पुत्र मुन्नीलाल, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रजवंत शनिवार सुबह उठा था। दोपहर करीब दो बजे वह कमरे में चला गया। इसी दौरान घर के आसपास खेल रहे बच्चों की नजर कमरे की कुंडी में लटक रहे रजवंत पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि रजवंत के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें नीतीश (5) और हगीज (3) शामिल हैं। उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। परिजनों के अनुसार रजवंत नशे का आदी था, जिसके चलते परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। इसी को पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।


