•02 अक्टूबर को प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, रामधुन, स्वच्छता अभियान व वृक्षारोपण सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 02 अक्टूबर को मनाई जाने वाली महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी भवनों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं मलिन बस्तियों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों पर रामधुन का प्रसारण कराने के साथ महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाए। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर रात्रि में प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रार्थना एवं प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी हीरालाल इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर चंद्रशेखर आजाद तिराहा तक जाएगी और पुनः हीरालाल इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त होगी। इसके बाद प्रातः 8 बजे सभी राजकीय भवनों एवं शिक्षण संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा आजादी की रक्षा एवं राष्ट्र की एकता से संबंधित संकल्प दिलाया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं वार्डों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों का चयन कर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाने तथा आमजन को भी श्रमदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गांधी जयंती के अवसर पर पार्क अथवा कार्यालय परिसर का चयन कर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कार्यक्रमों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आश्वस्त किया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल क्षिप्रा पाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, मगहर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरूज्जमा अंसारी, समाजसेवी शिवकुमार गुप्ता, सर्वदानंद पांडेय, सभासद अवधेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, बांट-माप अधिकारी वीपी वर्मा, एआईजी स्टांप, प्रभादेवी डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार, ब्लूमिंग बड्स के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार पांडेय, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रवक्ता बीनू सिंह, खंड विकास अधिकारीगण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।


