बस्ती/गोरखपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बस्ती की सामान्य निकाय की बैठक में कुसौरा क्षेत्र के गन्ना किसानों का पक्ष रखने के बाद ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संस्थापक सदस्य और क्षेत्रीय गन्ना किसान प्रतिनिधि राम कृष्ण पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर कुसौरा गन्ना क्रय केंद्र को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि कुसौरा क्रय केंद्र से जुड़े किसानों ने पेराई सत्र 2026-27 में रुधौली चीनी मिल से संबंधित गन्ना मूल्य भुगतान में देरी, तौल व्यवस्था में अनियमितता तथा मिल प्रशासन के असहयोग एवं व्यवहार को लेकर शिकायतें उठाई हैं। किसानों की समस्याओं और सुविधा को देखते हुए क्रय केंद्र को मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने की मांग की जा रही है।
राम कृष्ण पटेल ने 20 सितंबर 2026 को सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बस्ती की सामान्य निकाय की बैठक में भी किसानों का पक्ष प्रमुखता से रखा था। इसके बाद 21 सितंबर को उन्होंने मुख्यमंत्री को गोरखनाथ मंदिर परिसर में पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बस्ती सांसद राम प्रसाद चौधरी और महादेवा विधायक दूधराम पहले ही गन्ना आयुक्त को पत्र लिखकर इस मांग का समर्थन कर चुके हैं।
राम कृष्ण पटेल ने मुख्यमंत्री से किसानों की मांग और सुविधा को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर कुसौरा गन्ना क्रय केंद्र को मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

