बस्ती। मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। रूधौली विकास खण्ड क्षेत्र के औराडीहा गांव निवासी राजेन्द्र बहादुर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम सभा में बिना कार्य कराए मनरेगा की धनराशि निकाले जाने का आरोप लगाया है।
डीएम को दिये शिकायती पत्र के अनुसार, ग्राम सभा मझौवा कला प्रथम में प्रधान द्वारा कथित रूप से बिना कार्य कराए मनरेगा की धनराशि का भुगतान कराया गया। आरोप है कि औराडीहा गांव के राजाराम के खेत से रामनयन के खेत तक सड़क पटान (सही कराने) तथा राजेन्द्र के खेत से फूलचन्द्र के खेत तक सड़क मरम्मत एवं पटान का कार्य कागजों में दिखाया गया, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फर्जी कार्य दर्शाकर सरकारी धनराशि गलत तरीके से कुछ खास लोगों के खातों में डालकर निकाल ली गई। उन्होंने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ सड़क के कार्य से संबंधित वीडियो उपलब्ध होने का भी उल्लेख किया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन की जांच में लगाए गए आरोपों की क्या स्थिति सामने आती है।


