•नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का किया शुभारंभ।
रिपोर्ट : मयंक त्रिपाठी।
औरैया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर में जिला स्वास्थ्य समिति औरैया के तत्वावधान में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूक रहने और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। स्वच्छता के प्रति सजग रहकर तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच और उपचार कराकर गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से लोगों को रोगों के प्रति जागरूक करने, उनकी समय रहते पहचान करने और उचित उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहभागिता की अपील की।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य रोगों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. ब्रजेश कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद, मनोनीत सभासद कुलदीप पोरवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


