•अतिवृष्टि और संभावित आकस्मिक बाढ़ को देखते हुए 72 घंटे हाई अलर्ट पर रहेगा जिला प्रशासन, निचले इलाकों की निगरानी के निर्देश
बस्ती। जनपद में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने आगामी 72 घंटों के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। 25 से 27 सितंबर 2026 तक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जनपद को ऑरेंज एवं रेड अलर्ट/चेतावनी की स्थिति में रखा गया है। इसे लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है।
प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश के कारण निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी भरने, जल निकासी बाधित होने, नदी-नालों एवं छोटी जलधाराओं के जलस्तर में अचानक वृद्धि, तटबंधों पर दबाव तथा सड़क, पुल-पुलिया और अन्य संपर्क मार्ग प्रभावित होने की आशंका है।
24 घंटे निगरानी के निर्देश
सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हाई अलर्ट पर रहते हुए 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नदी, नालों, जलधाराओं, तटबंधों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा जलस्तर या बहाव बढ़ने की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचना देने को कहा गया है।
निचले इलाकों और नदी किनारे बस्तियों पर विशेष नजर
पूर्व में जलभराव से प्रभावित गांवों, मजरों, निचले क्षेत्रों, नदी किनारे स्थित बस्तियों तथा जल निकासी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए नाव, लाइफ जैकेट, दवाएं, पेयजल, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बिजली और आवागमन को लेकर सावधानी की अपील
प्रशासन ने आमजन से गिरे हुए विद्युत तारों, पोल, ट्रांसफार्मर और खुले विद्युत उपकरणों से दूर रहने की अपील की है। वहीं जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों, रपटों, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों को पार न करने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को नदी, नाले, तालाब, पोखर एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने तथा पशुधन को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने की अपील की गई है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास नहीं करने तथा उन्हें प्रसारित न करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि नागरिक केवल जिला प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और शासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बस्ती ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क एवं सावधान रहना जरूरी है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं तहसील स्तर पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपात स्थिति में नागरिकों के लिए कंट्रोल रूम नंबर 8429599121 एवं 05542-247291 तथा टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।


