•मतदाता केंद्र बैठकों में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, संगठन की मजबूती पर जोर
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में औरैया के होटल पैराडाइज और दिबियापुर के वेदिका पैलेस में शिक्षक-स्नातक एमएलसी मतदाता केंद्र बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए चुनाव में संगठन की सक्रिय भूमिका और मतदाताओं से प्रभावी संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान मतदाता केंद्र स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क स्थापित करने और चुनाव संबंधी कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि राम किशोर साहू ने कहा कि संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संपर्क व्यवस्था है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ काम करना चाहिए। शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से घर-घर संपर्क और संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं एवं समस्याओं को समझना चाहिए। साथ ही उन्हें संगठन की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराना आवश्यक है।
क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह और शिव सिंह भारती ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा उसकी सबसे बड़ी ताकत है। जब बूथ और मतदाता केंद्र स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय होकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, तो संगठन के कार्यक्रमों का व्यापक प्रभाव पड़ता है।
जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को गंभीरता से लेते हुए मतदाता केंद्र स्तर पर संपर्क अभियान प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन की योजनाओं को धरातल पर उतारें और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
बैठक में पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, यशवीर सिकरवार, कुलदीप दुबे, कौशल राजपूत, भूरे चौबे, सौरभ भूषण शर्मा, लल्ला शर्मा, मनु राजपूत, विशाल शुक्ला, योगेंद्र कैथवार, अमरचंद्र राठौर, श्यामू अवस्थी, मोनू सेंगर, प्रतीक सिंह, आशीष दुबे, गिरीश तिवारी, राजेश अग्निहोत्री, रामजी बाजपेई, सर्वेंद्र भदौरिया, हरपाल ठाकुर, अवध चतुर्वेदी, देवेंद्र सेंगर, दीक्षांत गुप्ता, खुशबू पांडेय, सीमा चौहान और सौरभ राजपूत सहित प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


