•गगनभेदी नारों और ढोल-नगाड़ों के बीच उमड़ा जनसैलाब, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
संतकबीरनगर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के संतकबीरनगर आगमन पर नेदुला बाईपास पर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया। खलीलाबाद के सदर विधायक अंकुर राज तिवारी की अगुवाई में आयोजित स्वागत समारोह में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों से पूरा नेदुला बाईपास गूंज उठा।
गोरखपुर की ओर से आ रहा पंकज चौधरी का काफिला जैसे ही नेदुला बाईपास पहुंचा, कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। ढोल-नगाड़ों की थाप और जोरदार नारों के बीच उन पर पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
स्वागत समारोह का नेतृत्व कर रहे विधायक अंकुर राज तिवारी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह और भारी भीड़ भाजपा संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और एकजुटता का संदेश देती नजर आई।
भव्य स्वागत से अभिभूत पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की। उन्होंने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को संगठनात्मक बैठक में शामिल होने के लिए संतकबीरनगर पहुंचे थे। नेदुला बाईपास पर स्वागत-अभिनंदन के बाद उनका काफिला भाजपा जिला कार्यालय के लिए रवाना हो गया। विधायक अंकुर राज तिवारी की अगुवाई में आयोजित यह स्वागत समारोह जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।


