केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। खलीलाबाद और मेहदावल विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों के साथ की बैठक, करीब दो घंटे तक चला संगठनात्मक मंथन
संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बुधवार को संतकबीरनगर जनपद का दौरा कर खलीलाबाद और मेहदावल विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष के संतकबीरनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाध्यक्ष नीतू सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला एवं इंद्रजीत मिश्र, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश मिश्र, श्यामकरण सिंह, बनरजी लाल अग्रहरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय तथा क्षेत्रीय मंत्री सुनीता अग्रहरी सहित अन्य अनिरुद निषाद वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मौजूदा स्थिति, क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरण, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पदाधिकारियों से अलग-अलग संवाद कर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों का फीडबैक लिया।
करीब दो घंटे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में केवल पूर्व एवं वर्तमान संगठनात्मक पदाधिकारियों को ही शामिल किया गया था। संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों और सुझावों के आदान-प्रदान को ध्यान में रखते हुए अन्य लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों के अनुभवों और सुझावों को सुना तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करना और पार्टी की तैयारियों को लेकर आवश्यक फीडबैक प्राप्त करना रहा।
खलीलाबाद के साथ मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में भी प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हुए संवाद को आगामी चुनाव की तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के अनुभवों का लाभ लेने और विधानसभा स्तर पर पार्टी की तैयारियों का आकलन करने की प्रक्रिया का हिस्सा रहा। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व द्वारा संगठनात्मक बैठकों और पदाधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।


