रिपोर्ट : अरुण कुमार।
बस्ती। हरैया और छावनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, मारपीट कर धमकाने और ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, लूट के 17,140 रुपये, चार मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना हरैया क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे परिचित युवक सूरज मिश्र ने बड़हर कला स्थित पेट्रोल पंप पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद सूरज मिश्र, श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष और एक अन्य साथी ने उसे कार में बैठाकर हरदिया स्थित एक विद्यालय परिसर में ले गए। आरोप है कि वहां उसका अश्लील वीडियो बनाकर मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और उसके खाते से एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। साथ ही उसके पास मौजूद 20 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए।
मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार तड़के बैलाडे शुक्ल मोड़ से सूरज मिश्र (निवासी मल्हूपुर, थाना छावनी) और श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष (निवासी रेवरा दास, थाना हरैया) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में एक अवैध पिस्टल, चार कारतूस, लूट की रकम, चार मोबाइल और काले रंग की कार बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि पीड़ित को धमकाकर उसके यूपीआई खाते से एक लाख रुपये अपने परिचित के खाते में डलवाए थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है तथा कार को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।


