•बेटियों के जन्म को बताया सौभाग्य का प्रतीक, अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की दी जानकारी
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड खलीलाबाद के तामा गांव स्थित तामेश्वरनाथ उप स्वास्थ्य केंद्र पर कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव में हाल ही में जन्मी 10 बेटियों और उनके अभिभावकों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान नवजात बच्चियों को तिलक लगाकर बेबी किट, फल और मिठाई भेंट की गई। वहीं, उनकी माताओं को शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक मोनिका शुक्ला ने कहा कि बेटी का जन्म सौभाग्य का प्रतीक है। बेटियां किसी भी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि गौरव हैं। उन्होंने नवजात बेटियों के माता-पिता को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सम्मान, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन करने को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम स्नेहलता, नरेंद्र यादव, कृष्ण यादव सहित स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


