•टीटी के निर्देश के बाद भी नहीं पहुंचे कोच अटेंडेंट, नौ वर्षीय बच्ची समेत यात्री ठंड में परेशान; रेल मंत्रालय से कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। गोवा एक्सप्रेस के एसी कोच में रेलवे की यात्री सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ट्रेन के एम-2 कोच में सफर कर रहे दो परिवारों को करीब दो घंटे तक चादर, कंबल और तकिया उपलब्ध नहीं कराया गया। ठंड के बीच नौ वर्षीय बच्ची समेत परिवार के अन्य सदस्यों को परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने कोच अटेंडेंट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेल मंत्रालय से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दोनों परिवार 14 नवंबर को मथुरा से हजरत निजामुद्दीन तक गोवा एक्सप्रेस के एम-2 कोच में सवार हुए थे। एक परिवार की सीट संख्या 74 और 76 थी, जबकि दूसरे परिवार की सीट संख्या 73 और 75 थी। दूसरे परिवार के साथ नौ वर्षीय बच्ची भी सफर कर रही थी। यात्रियों का कहना है कि एसी कोच में रिजर्वेशन कराने के बावजूद उन्हें निर्धारित बेडरोल सुविधा नहीं मिली।
यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन के मथुरा से रवाना होने के बाद उन्होंने टीटी से चादर, कंबल और तकिया उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। टीटी ने कोच अटेंडेंट को बुलाकर दोनों परिवारों को बेडरोल देने के निर्देश भी दिए, लेकिन इसके बावजूद अटेंडेंट सामान लेकर नहीं पहुंचा। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी यात्रियों को राहत नहीं मिली।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि कोच में अन्य बर्थों पर इस्तेमाल किए हुए कंबल और चादरें बिखरी पड़ी थीं। गंदगी और स्वच्छता की चिंता के चलते उन्होंने पुराने बेडरोल का इस्तेमाल करना उचित नहीं समझा। मजबूरी में परिवार के लोग अपने कपड़ों से बच्ची को ढककर ठंड से बचाने का प्रयास करते रहे।
यात्रियों का यह भी आरोप है कि कोच अटेंडेंट कई बार आवाज देने के बावजूद उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा। निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने पर पूछने पर उसने अपना नाम केवल मिश्रा बताया। यात्रियों ने दूसरे कर्मचारी का नाम करण साहू बताया है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि एसी कोच में अधिक किराया देकर सफर करने का उद्देश्य बेहतर सुविधाएं पाना होता है। जब निर्धारित सुविधाएं ही नहीं मिलतीं तो महंगा टिकट लेने का क्या औचित्य रह जाता है। यात्रियों ने पूरी यात्रा के दौरान हुई परेशानी पर नाराजगी जताते हुए रेल मंत्रालय से मामले की जांच कराने, कोच अटेंडेंट की जवाबदेही तय करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


