•साफ-सफाई और रखरखाव का अभाव, मुख्य द्वार पर लटके ताले; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
छाता (मथुरा)। जनपद मथुरा की छाता तहसील क्षेत्र के ग्राम बुखरारी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति सामने आई है। स्वास्थ्य केंद्र की इमारत रखरखाव और साफ-सफाई के अभाव में जर्जर अवस्था में दिखाई दे रही है। परिसर में गंदगी पसरी हुई है और केंद्र के मुख्य द्वार पर ताले लटके नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र की इस स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली साफ दिखाई दे रही है। स्वास्थ्य केंद्र के अंदर रखी दवाइयों के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए, उसकी हालत ही चिंताजनक बनी हुई है।
सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन कर रही है, लेकिन ग्राम बुखरारी के स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। यदि स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और संचालन सुनिश्चित नहीं होगा तो ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ कैसे मिल पाएगा?
मामले को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। क्या विभागीय अधिकारी इस स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति का निरीक्षण करेंगे? क्या भवन की मरम्मत, साफ-सफाई और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं बहाल कराई जाएंगी?
अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग कब तक संज्ञान लेता है और ग्राम बुखरारी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता है।


