मथुरा। 11वें आयुर्वेद दिवस (दिनांक 23 सितम्बर 2026) के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बीते मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 डिगम्बर सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित आयुष विभाग के अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में 11वां आयुर्वेद दिवस थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद – Ayurveda for a Healthier Tomorrow” एवं टैगलाइन “One Health, One Future: Integrating Ayurveda Science through Evidence, Innovation, and Holistic Care” के साथ मनाया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित तीन उप-विषयों पर जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिसमें
अ) बेहतर स्वास्थ्य परिणामों के लिए समग्र स्वास्थ्य देखभाल।
ब) आयुर्वेद में साक्ष्य, अनुसंधान और नवाचार।
स) सामुदायिक कल्याण और सतत जीवन के लिए आयुर्वेद।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 डिगम्बर सिंह को निर्देश दिए कि दिनांक 23.09.2026 को कलेक्ट्रेट मथुरा में एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए। साथ ही दिनांक 23.09.2026 को सभी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों / आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में धन्वंतरि पूजन कर शिविर का आयोजन किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी संयुक्त रूप से इंटीग्रेटिव हेल्थ केयर पर ज्वाइंट ओ0पी0डी0 और प्रकृति परीक्षण शिविर आयोजित करें। जिला सूचना अधिकारी सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। जिला कृषि अधिकारी एवं वन विभाग के सहयोग से हर्बल गार्डन, औषधीय पौध वितरण एवं “एक पौधा अपनाएं” अभियान चलाया जाए।
खंड शिक्षा अधिकारी के सहयोग से विद्यालयों में योग, ध्यान, क्विज, निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता एवं आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन शैली है और इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।


