वंचित समाज इंसाफ पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का किया ऐलान, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठाई मांग
अहमदाबाद। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो देश के प्रत्येक वोटर के लिए ₹5,100 प्रतिमाह की वोटर पेंशन योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नेता मतदाताओं से वोट मांगते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद आम जनता की समस्याओं को भूल जाते हैं। पार्टी गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े, युवाओं और अल्पसंख्यकों के हितों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अहमदाबाद पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष
3 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख अहमदाबाद पहुंचे। एयरपोर्ट पर गुजरात प्रदेश अध्यक्ष साबिर कादरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला सर्किट हाउस पहुंचा, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख, राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष मौलाना उस्मान का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
केंद्र सरकार पर लगाए आरोप
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. शेख ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़ा वर्ग, बेरोजगार युवा और मुस्लिम समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोग महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि देश को नफरत की राजनीति नहीं, बल्कि भाईचारे और सामाजिक न्याय की आवश्यकता है।
डॉ. शेख ने दावा किया कि सत्ता में आने पर पार्टी ₹5,100 प्रतिमाह की वोटर पेंशन योजना लागू करेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोटर को यह पेंशन दिलाना ही उनकी पार्टी के लिए वास्तविक इंसाफ होगा।
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों के संदर्भ में एसआईआर प्रक्रिया तथा मतदाताओं के नाम कथित रूप से काटे जाने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त करते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव रद्द कराकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग और न्यायपालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।
गुजरात में संगठन मजबूत करने का आह्वान
गुजरात प्रदेश अध्यक्ष साबिर कादरी ने कहा कि वंचित समाज इंसाफ पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष अलकेश भाई ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता गांव, गली और मोहल्लों में जाकर ₹5,100 वोटर पेंशन योजना तथा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को जनता तक पहुंचाएंगे।
महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष मौलाना उस्मान ने भी अपने विचार रखे और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। उन्होंने वंचित समाज से एकजुट होने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राकेश भाई, अरुणा बहन, सलीम पटेल, रफीक मुशाक नोमान, अजहर, करीम भाई, आलोक कुमार, पूरन पटेल, विक्रम बघेल, मौलाना इसराइल, महरीन, सलीम मुंजूरी, सविता शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गुजरात प्रदेश अध्यक्ष साबिर कादरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


