•नगर में गंदगी से संक्रमण का खतरा, नवरात्र से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग।
मिश्रिख, सीतापुर। नगर पालिका परिषद मिश्रिख की साफ-सफाई व्यवस्था इन दिनों बदहाल नजर आ रही है। नगर के विभिन्न मोहल्लों में जगह-जगह गंदगी के ढेर और कूड़े का अंबार लगा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की स्थिति केवल एक मोहल्ले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नगर में गंदगी की समस्या बनी हुई है।
गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में इसका अपेक्षित असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शासन स्तर से स्वच्छता को लेकर लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं, इसके बावजूद नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। लोगों का यह भी आरोप है कि नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी लंबे समय से तैनात हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
नवरात्र पर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी सीतापुर से मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिलाधिकारी द्वारा नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाया जाता है और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।


