नैमिष नगर सहित कई बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी जिले की तस्वीर, महोली में औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन से सीतापुर में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। इन परियोजनाओं से जिले में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में जन सूचना अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, जिसका उन्हें गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सीतापुर में करीब 400 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। वहीं, लखनऊ और सीतापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में नैमिष नगर नाम से बड़ी आवासीय एवं आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विकास परियोजना संचालित है। इसके अलावा लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधुनिक सिक्सलेन अंडरपास और फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से सीतापुर महायोजना-2025 भी लागू की गई है।
डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि महोली में औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक्स पार्क, आईटी पार्क अथवा एमएसएमई क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव है। लखनऊ-सीतापुर-बरेली कॉरिडोर के चौड़ीकरण और बेहतर सड़क संपर्क का लाभ भी जिले को मिल रहा है। इसके चलते कागज, क्राफ्ट पेपर, प्लाईवुड और कृषि मशीनरी से जुड़े उद्योगों का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से सीतापुर को औद्योगिक, आर्थिक और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


