बस्ती: लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर मड़वानगर टोल प्लाजा के आसपास टोल शुल्क बचाने की कोशिश में वाहन चालक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। टोल प्लाजा के दोनों ओर स्थित बड़ेवन और पटेल चौक पर वाहन चालक यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते नजर आते हैं। कई चालक जल्दबाजी में बेतरतीब ढंग से वाहन निकालते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
विडंबना यह है कि टोल प्लाजा के कर्मचारी महाप्रबंधक धनाजी डोंगरे, प्रबंधक कैलाश पाटिल और हरिकेश मिश्रा के नेतृत्व में लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। चालकों को निर्धारित दिशा में चलने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद टोल से करीब पांच सौ मीटर पहले बड़ेवन और सौ मीटर आगे पटेल चौक पर लापरवाही जारी है। ऐसे में परिवहन, यातायात और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर मनमानी पर अंकुश लगाने की जरूरत है।


