-भाजपा की जमीनी ताकत को एकजुट करने में जुटे रेलवे बोर्ड सदस्य, पुराने कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता तक बना रहे सीधा संपर्क
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी
औरैया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे बोर्ड के सदस्य राधेश कुमार दिवाकर ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताते हुए उनके सम्मान और संगठन में उनकी भूमिका को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा बुलंद रखने वाले कार्यकर्ता भाजपा की अमूल्य धरोहर हैं। उनके त्याग, समर्पण और संघर्ष के बल पर ही संगठन आज इस मुकाम तक पहुंचा है।
राधेश कुमार दिवाकर का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब औरैया सदर विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। सदर सीट से प्रबल दावेदार माने जा रहे राधेश दिवाकर लगातार पुराने कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े लोगों के बीच पहुंचकर संपर्क मजबूत कर रहे हैं। साथ ही आम जनता के बीच सक्रिय रहकर अपनी राजनीतिक जमीन को भी मजबूत करने में जुटे हैं।
वरिष्ठों के सम्मान में छिपा संगठन की मजबूती का संदेश
राधेश कुमार दिवाकर ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता कभी भुलाया नहीं जाता। वर्षों तक बिना किसी पद और स्वार्थ के पार्टी के लिए काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करना संगठन की जिम्मेदारी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही नई पीढ़ी को संगठन की विचारधारा और कार्यशैली सीखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति के पीछे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का परिश्रम, त्याग और निष्ठा है। इन्हीं कार्यकर्ताओं ने कठिन दौर में पार्टी को मजबूती दी और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। औरैया में भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के उत्साह का समन्वय जरूरी है।
इनसेट
सदर सीट पर सक्रियता, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
औरैया।
राजनीतिक दृष्टि से राधेश कुमार दिवाकर की लगातार बढ़ती सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे बोर्ड सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभाने के साथ वह स्थानीय स्तर पर पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। आम लोगों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करने की उनकी सक्रियता ने सदर विधानसभा सीट पर उनकी दावेदारी को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात उठाकर वह संगठन के पुराने और अनुभवी चेहरों को साथ जोड़ने का संदेश दे रहे हैं। राजनीतिक जानकारों की नजर में यह पहल केवल संगठनात्मक संवाद तक सीमित नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर मजबूत संपर्क और जनाधार तैयार करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
इनसेट
भाजपा के निर्णयों को बताया जनविश्वास का आधार
औरैया।
राधेश दिवाकर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक के विरुद्ध कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भाजपा के प्रति जनता का विश्वास मजबूत किया है। पार्टी ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा वरिष्ठों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उनका कहना था कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता से आती है। वरिष्ठों का सम्मान, युवाओं का उत्साह और जनता से निरंतर संवाद ही भाजपा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।


