-अनुभव की ताकत, कार्यों का भरोसा और विकास का संकल्प लेकर चुनावी समर में उतरे पूर्व अध्यक्ष; पुराने कार्यकाल के कामों को बनाया अपनी दावेदारी का आधार
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मी के बीच अध्यक्ष पद की दावेदारी ने बार की सियासत को नया मोड़ दे दिया है। पूर्व अध्यक्ष सुनील दुबे एडवोकेट एक बार फिर मैदान में उतर आए हैं। अनुभव, कार्यकुशलता और अधिवक्ता हितों के प्रति प्रतिबद्धता को अपनी ताकत बनाकर उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है। उनके चुनावी मैदान में आने से मुकाबले की दिलचस्पी बढ़ गई है और अधिवक्ताओं के बीच नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वादों से नहीं, काम के दम पर मांग रहे भरोसा
सुनील दुबे की दावेदारी का सबसे बड़ा आधार उनका पूर्व कार्यकाल है। बार के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अधिवक्ताओं की सुविधाओं और बार हॉल की गरिमा को प्राथमिकता दी। बार हॉल में एलईडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक लाउडस्पीकर, नई कुर्सियां, पर्दे और वातानुकूलन की व्यवस्था कराकर उन्होंने सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाए। अधिवक्ताओं के सामाजिक सुरक्षा हितों को ध्यान में रखते हुए बीमा योजना की व्यवस्था भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।
इन कार्यों को अपनी उपलब्धियों के रूप में सामने रखकर सुनील दुबे इस बार केवल दावेदारी नहीं, बल्कि अपने कामकाज का हिसाब लेकर अधिवक्ताओं के बीच पहुंच रहे हैं। उनका संदेश साफ है कि बार का नेतृत्व केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के सम्मान, सुविधा और अधिकारों की जिम्मेदारी है।
अनुभव बनाम आश्वासन की चर्चा तेज
बार चुनाव में वरिष्ठता और युवा ऊर्जा के बीच संतुलन की चर्चा के बीच सुनील दुबे का अनुभव उनकी दावेदारी को मजबूती देता नजर आ रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच उनके पूर्व कार्यकाल के कामों की चर्चा है, वहीं युवा अधिवक्ताओं के लिए मार्गदर्शन और बेहतर सुविधाओं का सवाल भी चुनावी विमर्श का हिस्सा बन रहा है।
अधिवक्ताओं के बीच यह चर्चा भी तेज है कि बार को ऐसा नेतृत्व चाहिए, जो प्रशासन के सामने अधिवक्ताओं की आवाज मजबूती से उठा सके, समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करे और बार की एकजुटता को प्राथमिकता दे। सुनील दुबे अपनी दावेदारी के जरिए इन्हीं अपेक्षाओं को साधने की कोशिश में हैं।
इनसेट
अधिवक्ता सम्मान और हितों की रक्षा का संकल्प
औरैया।
सुनील दुबे एडवोकेट ने अधिवक्ता साथियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि बार की गरिमा, अधिवक्ताओं का सम्मान और उनके हितों की रक्षा ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनुभव और कार्यकुशलता को फिर अवसर देकर बार को विकास की नई दिशा दी जा सकती है।
उनकी दावेदारी के साथ जिला बार एसोसिएशन का चुनाव अब और रोचक हो गया है। चुनावी माहौल में उनके पुराने कार्यकाल की उपलब्धियां चर्चा के केंद्र में हैं। अब निगाहें अधिवक्ताओं के रुख पर टिकी हैं कि वे अनुभव और कामकाज के आधार पर नेतृत्व का चुनाव किस दिशा में ले जाते हैं।


