मथुरा। बरसाना में आज शनिवार को आयोजित होने वाले राधाष्टमी महोत्सव एवं मेले के मद्देनजर विकासखंड नंदगांव के सभी विद्यालयों में 18 और 19 सितंबर को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जिलाधिकारी मथुरा के अनुमोदन के बाद इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया गया।
आदेश के अनुसार, राधाष्टमी के अवसर पर बरसाना स्थित प्राचीन श्री लाडली लाल महाराज मंदिर में राधा रानी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इससे नंदगांव और बरसाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों तथा परिक्रमा मार्गों पर भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को होने वाली संभावित परेशानी और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकासखंड नंदगांव में संचालित सभी परिषदीय, शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 18 एवं 19 सितंबर को दो दिवसीय स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है।


