•मतदाता साक्षरता क्लब के जागरूकता कार्यक्रम में लोकतंत्र में मतदान का महत्व बताया।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, सोनई में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदाता के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को मतदाता साक्षरता क्लब के गठन, संचालन और उसकी गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाताओं की अहम भूमिका होती है। युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. यादव ने खेल-खेल में सीखने वाली गतिविधियों के माध्यम से नए मतदाता बनने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान संबंधी जानकारी सरल, रोचक और व्यावहारिक तरीके से दी जाती है, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका सिंह राजपूत ने अतिथि का स्वागत किया और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


