फुलवारी में जलभराव से आवागमन प्रभावित, बीडीओ ने जांच कराकर रास्ता दुरुस्त कराने का दिया आश्वासन।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रित (सीतापुर)। विकासखंड मिश्रित की ग्राम पंचायत जसरथपुर के मजरा फुलवारी में रास्ते और नाली की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण गणेश मिश्रा का कहना है कि पिछले 15 वर्षों से रास्ते और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे रास्ते पर जलभराव रहता है और आवागमन में दिक्कत होती है।
गणेश मिश्रा के अनुसार, उन्होंने तहसील समाधान दिवस, खंड विकास अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बेटी की शादी से पहले बढ़ी चिंता
गणेश मिश्रा ने बताया कि आगामी 10 दिसंबर को उनकी बेटी की शादी है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर पर ही आयोजन होना है। ऐसे में खराब रास्ते और जलभराव के चलते बारातियों व मेहमानों के आवागमन को लेकर उन्हें चिंता सता रही है।
बीडीओ ने दिया आश्वासन
खंड विकास अधिकारी मिश्रित ने बताया कि उन्हें अब तक मामले की जानकारी नहीं थी। मौके की जांच कराकर समस्या मिलने पर रास्ता दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।


